

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

jagdalpur moti jewellers gold theft women steal jewellery worth 1 crore
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में शातिर महिलाओं ने ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाते हुए 1 करोड़ 74 लाख रुपए से ज्यादा के सोने के जेवर चोरी कर लिए। महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर दुकान पहुंची थीं। आभूषण देखने के बहाने उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाया और सोने के जेवरों से भरा डिब्बा झोले में रखकर फरार हो गईं। चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
मामला जगदलपुर के संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स का है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को उलझाया
जानकारी के मुताबिक, महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर मोती ज्वेलर्स पहुंची थीं। उन्होंने दुकानदार से अलग-अलग आभूषण दिखाने को कहा। इस दौरान दुकानदार उन्हें जेवर दिखाने में व्यस्त हो गया। इसी बीच एक महिला ने मौका पाकर सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा उठाया और अपने झोले में रख लिया। इसके बाद सभी महिलाएं दुकान से निकल गईं।
1 किलो से ज्यादा सोने के जेवर होने का दावा
दुकान संचालक के मुताबिक, चोरी हुए डिब्बे में 1 किलो से ज्यादा वजन के सोने के आभूषण थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, चोरी हुए जेवरों की वास्तविक मात्रा और कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हुआ है।
पुलिस ने दुकान संचालक से आभूषणों के बिल मांगे हैं। बिलों के आधार पर ही चोरी हुए सोने की मात्रा और कीमत का मिलान किया जाएगा।
CCTV फुटेज से महिलाओं की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज में चोरी की पूरी वारदात कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिलाओं और उनके साथ मौजूद बच्चों की पहचान करने में जुटी है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मोती ज्वेलर्स में चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।