

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

janjgir champa baloda thar accident brother sister death
जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम जावलपुर के पास तेज रफ्तार थार वाहन की चपेट में आने से स्कूटी सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रिश्तेदार के घर आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 25 वर्षीय विनोद कौशिक निवासी ग्राम दहकोनी और 20 वर्षीय खुशी कश्यप निवासी ग्राम कापन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि खुशी मंगलवार शाम अपने भाई विनोद के घर दहकोनी पहुंची थी। इसके बाद दोनों एक ही स्कूटी से अपने मामा के घर ग्राम जावलपुर में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों अपने गंतव्य से कुछ ही दूरी पर थे कि इसी दौरान बलौदा की ओर से आ रही तेज रफ्तार थार कार (क्रमांक CG 10 BM 7214) ने कथित रूप से विपरीत दिशा में आकर उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने थार चालक संस्कार को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दुर्घटनाग्रस्त थार वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां कुछ ही क्षणों में शोक का माहौल छा गया। घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।