

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

janjgir champa mass murder land dispute son kills parents
रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ ज़मीन के लालच में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पूरे परिवार को खत्म कर दिया। रिश्तों के कत्ल की एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी ने अपनी ज़मीन की हवस को पूरा करने के लिए अपने ही वृद्ध माता-पिता, एक 17 साल के भतीजे और 35 वर्षीय मूक-बधिर भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी।
आरोपी सोनसाय कश्यप, जो कि 17 साल पहले अपने सगे छोटे भाई की हत्या के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट चुका है, करीब दो साल पहले ही जेल से रिहा होकर वापस आया था। जेल से आने के बाद से ही उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप (70) के साथ ज़मीन को लेकर विवाद चल रहा था।
बुधवार की रात जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तब सोनसाय और उसके 25 वर्षीय बेटे गोलू कश्यप ने मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। दोनों ने कुल्हाड़ी (टांगी) से ताबड़तोड़ वार कर बिस्तर पर सो रहे चारों सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया।
मृतकों की पहचान:
1. मेदनीराम कश्यप (70 वर्ष) - आरोपी के पिता
2. कांति बाई (65 वर्ष) - आरोपी की मां
3. पीतांबर कश्यप (17 वर्ष) - आरोपी का भतीजा
4. मोंगरा (35 वर्ष) - आरोपी की मूक-बधिर भतीजी
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे 40 डिसमिल (करीब सात एकड़ का हिस्सा) ज़मीन का विवाद मुख्य कारण था।
पिता मेदनीराम ने हाल ही में 40 डिसमिल ज़मीन को 8 लाख रुपये में बेचकर नया मकान बनवाना शुरू किया था। सोनसाय चाहता था कि यह पैसा और बाकी की पूरी ज़मीन उसके नाम कर दी जाए।
आरोपी सोनसाय को इस बात का भी गुस्सा था कि पिता ने उसकी विधवा बहू (मारे गए भाई की पत्नी) की दूसरी शादी करा दी थी।
करीब 20 साल से चल रहे इस ज़मीन विवाद ने तब उग्र रूप ले लिया जब पिता ने पोते-पोतियों के हिस्से की ज़मीन सोनसाय को देने से मना कर दिया।
गुरुवार सुबह जब निर्माणाधीन मकान में काम करने वाला मिस्त्री वहां पहुंचा, तब घर के भीतर खून से लथपथ लाशें देखकर दंग रह गया। सूचना मिलते ही जांजगीर-चांपा की प्रभारी एसएसपी निवेदिता पाल और साइबर टीम मौके पर पहुंची। स्निफर डॉग 'रूबी' की मदद से पुलिस सीधे आरोपी सोनसाय के घर तक जा पहुंची। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने ज़मीन विवाद के चलते कुल्हाड़ी से हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया है।