

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

janjgir champa viral wedding muskan sant kumar marriage
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 23 जून को सुर्खियों में आई शादी ने अब नया मोड़ ले लिया है। जिस दुल्हन मुस्कान ने कथित रूप से नशे में होने की वजह से दूल्हे संत कुमार से मंडप में शादी करने से इनकार कर दिया था, उसी मुस्कान ने 16 दिन बाद संत कुमार के साथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया। दोनों ने खोखरा गांव स्थित मनका दाई मंदिर में सात फेरे लेकर नई जिंदगी की शुरुआत की।
23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में हुई इस घटना ने पूरे प्रदेश का ध्यान खींचा था। उस समय मुस्कान के फैसले की काफी चर्चा हुई थी। जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने भी उनके साहस की सराहना करते हुए उन्हें परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी थी।
परामर्श केंद्र से निकली और पहुंच गई दूल्हे के गांव
गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र में अपनी ड्यूटी पर पहुंची थी। दोपहर करीब दो बजे वह वहां से निकली, लेकिन घर जाने के बजाय सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंच गई। वहां पहले से मौजूद संत कुमार और उनके परिवार की मौजूदगी में दोनों ने मनका दाई मंदिर में शादी कर ली। बताया जा रहा है कि लड़के के परिवार को इसकी जानकारी पहले से थी, जबकि लड़की के परिजनों को बाद में इसकी सूचना मिली।
‘गलतफहमी दूर हुई, इसलिए लिया साथ रहने का फैसला’
मुस्कान और संत कुमार का कहना है कि 23 जून को शादी टूटने के बाद भी दोनों लगातार फोन पर संपर्क में रहे। बातचीत के दौरान दोनों के बीच की गलतफहमियां दूर हुईं और उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
संत कुमार ने दावा किया कि वह शराब नहीं पीते हैं। उनके मुताबिक, शादी वाले दिन उनके कोल्ड ड्रिंक में किसी ने नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे लोगों को लगा कि वह नशे में हैं। बाद में उन्होंने मुस्कान से माफी मांगी और दोनों के बीच सभी विवाद खत्म हो गए।
मोबाइल बंद होने पर पुलिस ने शुरू की तलाश
सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद मुस्कान घर नहीं पहुंची। शाम तक मोबाइल बंद आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और साइबर टीम ने तलाश शुरू की।
जांच में पता चला कि मुस्कान खोखरा गांव में संत कुमार के घर पर है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों से बातचीत की। पुलिस के अनुसार, मुस्कान ने अपनी इच्छा से संत कुमार के साथ रहने और शादी करने की बात कही।
फिर बनी चर्चा का विषय
करीब दो सप्ताह पहले जिस शादी के टूटने की खबर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी थी, अब उसी जोड़े के दोबारा विवाह करने की खबर एक बार फिर सुर्खियों में है। दोनों ने इसे आपसी सहमति और गलतफहमियां दूर होने के बाद लिया गया फैसला बताया है।