

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ramgopal agrawal arrest congress statewide protest chhattisgarh
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्यभर में आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी ने 10 जुलाई को सभी जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन आयोजित करने का निर्णय लिया है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू द्वारा जारी निर्देश में जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों से आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए कहा गया है। पार्टी ने सभी जिलों में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार केंद्रीय और राज्य की जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने और पार्टी की छवि धूमिल करने के लिए कर रही है। पार्टी का कहना है कि वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसके विरोध में यह प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस ने सभी सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। साथ ही जिला इकाइयों को कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक ओर कांग्रेस इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बता रही है, वहीं दूसरी ओर मामले को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है। ऐसे में 10 जुलाई का कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन प्रदेश की राजनीति में अहम माना जा रहा है।