

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

joidha ram dahariya suspended sarangarh bilaigarh deo electricity bill scam
रायपुर। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी जोईधा राम डहरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर बसना में विकासखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर रहते हुए शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं के विद्युत देयक की राशि में गबन कर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।

स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से 3 सितंबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, डहरिया जब विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बसना, जिला महासमुंद के पद पर पदस्थ थे, उस दौरान शासकीय स्कूलों के विद्युत देयक की धनराशि के संबंध में वित्तीय अनियमितता सामने आई। विभाग ने इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की है।
पदीय दायित्वों में स्वेच्छाचारिता का आरोप
आदेश में कहा गया है कि जोईधा राम डहरिया ने अपने पदीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता करते हुए गंभीर अनुशासनहीनता की। विभाग ने उनके कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 के विपरीत कदाचार माना है।
इसी आधार पर राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
रायपुर बनाया गया निलंबन मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान डहरिया का मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक (शिक्षा), रायपुर का कार्यालय निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार, निलंबन काल में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
लक्ष्मी नारायण पटेल को मिला अतिरिक्त प्रभार
जोईधा राम डहरिया के निलंबन के बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला शिक्षा अधिकारी पद पर नई पदस्थापना होने तक लक्ष्मी नारायण पटेल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, खरसिया, जिला रायगढ़ को अस्थायी रूप से जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके साथ ही उन्हें आगामी आदेश तक छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता भाग-1 के सहायक नियम 125 के तहत अस्थायी रूप से आहरण एवं संवितरण अधिकार (DDO Power) भी प्रदान किया गया है।