

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kanker keshkal police seize 3 crore ganja rajasthan smuggler arrested
छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर और केशकाल में दो अलग-अलग ऑपरेशन के दौरान करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपए का गांजा जब्त किया गया है। पहली कार्रवाई में गढ़िया पहाड़ के पास गांजे की 70 बोरियां बरामद हुईं, जबकि दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा पकड़ा है। इस मामले में राजस्थान के एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गढ़िया पहाड़ के पास 70 बोरी गांजा छोड़कर भागे तस्कर
पहली कार्रवाई कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के सिगारभाट स्थित गढ़िया पहाड़ के पास हुई। यहां पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे की 70 बोरियां बरामद कीं। इनका कुल वजन 2 क्विंटल 80 किलो और अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपए बताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, तस्कर ओडिशा से विश्रामपुरी और केशकाल के रास्ते गांजा लेकर कांकेर पहुंचे थे। तस्करी की सूचना मिलने पर केशकाल और कांकेर पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस की भनक लगते ही तस्कर गांजे की बोरियां पहाड़ के पास फेंककर फरार हो गए।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गांजा जब्त किया। कांकेर SDOP हरीश पाटिल के मुताबिक, तस्करी में इस्तेमाल की गई दो गाड़ियों की पहचान कर ली गई है। एक कार के ड्राइवर को भी चिह्नित किया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।
कार से मिला 407 किलो गांजा, राजस्थान का युवक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में केशकाल पुलिस ने 3 नवंबर को एक कार (OD-10-V-7053) को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
गांजा 78 पैकेट में पैक था। तस्करों ने इन्हें ड्राइवर सीट के पीछे और कार की डिक्की में टेप से लपेटकर छिपाया था। पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम दीपक कुमार माली (31) बताया, जो राजस्थान का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान पुलिस को कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली। इस पर RJ-23-UB-8472 लिखा था। आरोपी के पास से रेडमी मोबाइल और 1,100 रुपए नकद भी बरामद किए गए।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा
पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपए की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
SP पंकज चंद्रा के निर्देश पर जिले में गांजा और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब दोनों मामलों में तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।