

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

kedarnath yatra landslide sdrf ndrf rescue rudraprayag 2026
उत्तराखंड में चल रही केदारनाथ यात्रा के बीच मंगलवार रात रुद्रप्रयाग जिले में बड़ा भूस्खलन होने से यात्रा मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हो गया। सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच मुनकटिया क्षेत्र में अचानक हुए लैंडस्लाइड के कारण हजारों श्रद्धालु रास्ते में फंस गए। हालांकि SDRF और NDRF की संयुक्त टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात भारी मलबा गिरने से मुख्य सड़क मार्ग बंद हो गया था। खराब मौसम, अंधेरा और लगातार गिरते पत्थरों के बीच राहत एवं बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।
SDRF और NDRF की संयुक्त टीमों ने जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में अभियान चलाकर करीब 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग पार कराया। प्रशासन की ओर से रातभर राहत कार्य जारी रखा गया, जिसके बाद यात्रा मार्ग पर दोबारा आवागमन बहाल कर दिया गया।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि अब तक करीब 6.5 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। जिला प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, कतार व्यवस्था बनाए रखें और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।