

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

korba-news-former-home-minister-son-sandeep-kanwar-viral-video-accident
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पूर्व गृहमंत्री के बेटे की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी नशे की हालत में हंगामा करता दिखाई दे रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि संदीप कंवर नामक युवक ने नशे की हालत में अपनी कार बस स्टैंड के पास स्थित एक सेवई की दुकान में घुसा दी। हादसे में दुकान को नुकसान पहुंचा। दुकान संचालक अज़ीन कुरैशी ने जब इसका विरोध किया तो संदीप कंवर ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
बताया जा रहा है कि घटना 11 मार्च को इतवारी बाजार के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संदीप कंवर की कार पर ‘पूर्व विधायक रामपुर’ लिखा हुआ था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जिस पर आरोपी ने उससे भी विवाद किया और गाली-गलौज की।
दुकानदार का आरोप है कि संदीप कंवर ने अपने पिता के पद और रसूख का हवाला देते हुए कहा, “मैं ननकीराम का बेटा हूं, जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा।”
मौके पर बढ़ते विवाद को देखते हुए आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़कर कोतवाली थाने पहुंचाया। हालांकि थाने में भी उसका हंगामा जारी रहा। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों और पीड़ित के सामने भी अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की।
हैरानी की बात यह रही कि कुछ देर बाद आरोपी अपनी कार लेकर थाने से ही फरार हो गया, जबकि पुलिसकर्मी मौजूद थे। इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित अज़ीन कुरैशी की बेटी पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर तैनात है।
इस मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने कहा कि अज़ीन कुरैशी की ओर से शिकायत मिली है कि एक व्यक्ति ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी दुकान को टक्कर मारी और उनके साथ मारपीट की। शिकायत में जिस वाहन का जिक्र है, उस पर ‘पूर्व विधायक रामपुर’ लिखा हुआ है।
सीएसपी के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। वाहन और चालक की पहचान की जा रही है और जांच के बाद कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।