

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

labour-day-chhattisgarh-gajendra-yadav-durg-workers-benefits
दुर्ग। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में श्रमिकों के सम्मान और कल्याण को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। इस दौरान उन्होंने 20 कुंभकारों को नि:शुल्क इलेक्ट्रिक चाक वितरित किए, जिससे पारंपरिक मिट्टी के बर्तन बनाने में उन्हें आधुनिक सुविधा मिल सके।

मंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार मेहनतकश लोगों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने ई-रिक्शा चालकों को भी विशेष प्रोत्साहन योजना के तहत चेक के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की। उनका कहना था कि इससे श्रमिकों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपनी आजीविका बेहतर तरीके से चला सकेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री द्वारा लॉन्च किए गए एक नए ऐप का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस ऐप के जरिए लोगों को घर बैठे कई सरकारी सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे पहले की तुलना में सुविधाएं और बेहतर होंगी।
मंत्री यादव ने श्रमिकों के साथ बैठकर भोजन भी किया और इसे सामाजिक एकता का संदेश बताया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने परिवार के साथ कम से कम एक समय का भोजन जरूर करना चाहिए।

इस मौके पर उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए ‘बोरे बासी दिवस’ को लेकर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह परंपरा पहले संसाधनों की कमी के कारण मजबूरी में अपनाई जाती थी, लेकिन इसे राजनीतिक रूप से बढ़ावा देना उचित नहीं है।
वहीं, सुशासन तिहार को लेकर भी मंत्री ने कहा कि इसकी शुरुआत पहले डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुई थी और अब इसे और बेहतर तरीके से लागू किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने कई योजनाओं को रोक दिया था, जिन्हें वर्तमान सरकार फिर से गति दे रही है।

मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में लाखों मकानों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आम उपभोक्ताओं के लिए 400 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जा रही है, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग को राहत मिल रही है।
उन्होंने अंत में दावा किया कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और राज्य को विकास की दिशा में आगे ले जाएगी।