

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahasamund illegal sand mining action highwa machine seized
महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा और कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त एक चैन माउंटेन मशीन और एक हाईवा वाहन जब्त किया है, जबकि बसना क्षेत्र में 23 हाईवा रेत का अवैध भंडारण भी पकड़ा गया है।
खनिज विभाग को टोल-फ्री नंबर के माध्यम से बसना और सरायपाली क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन और भंडारण की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम खेमड़ा स्थित एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स निर्माण इकाई में छापेमारी की। जांच के दौरान वहां करीब 23 हाईवा रेत का अवैध भंडारण पाया गया। मामले में संबंधित भंडारणकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी दौरान विभागीय टीम ने ग्राम लिलेशर और बोईरलामी क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। बोईरलामी के पास जोंक नदी में अवैध खनिज उत्खनन करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन और एक हाईवा वाहन को रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए तेन्दुकोना पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
खनिज अधिकारी फागुलाल नागेश ने बताया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान सहायक खनिज अधिकारी देवेंद्र साहू, खनिज निरीक्षक मधुलिका मिंज सहित विभागीय अमला मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और खनिज संपदा के अवैध दोहन को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।