

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mamata-banerjee-tmc-candidate-list-west-bengal-election
कोलकाता: ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 291 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने एक साथ पूरी सूची जारी कर राजनीतिक संदेश दिया कि वह चुनावी तैयारियों में पूरी तरह संगठित है।
ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी चरणों में सूची जारी करने में विश्वास नहीं रखती और सभी उम्मीदवारों को एक साथ मैदान में उतारा गया है। टीएमसी ने दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कुर्सियांग की तीन पहाड़ी सीटें सहयोगी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा के लिए छोड़ी हैं।
लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही टीएमसी ने इस बार बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी ने 224 मौजूदा विधायकों में से केवल 135 (करीब 60%) को ही दोबारा टिकट दिया, जबकि 74 विधायकों के टिकट काट दिए गए और 15 की सीट बदल दी गई। यह हाल के चुनावों में पार्टी का सबसे बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
पार्टी ने 2021 में कम अंतर (25,000 वोट से कम) से जीती गई 102 सीटों में से लगभग आधी पर उम्मीदवार बदल दिए हैं। हालांकि जहां मौजूदा विधायकों की पकड़ मजबूत मानी गई, वहां पुराने चेहरों को बरकरार रखा गया है। इस बार टीएमसी ने स्टार चेहरों के बजाय स्थानीय नेटवर्क, बूथ मैनेजमेंट और संगठनात्मक मजबूती पर ज्यादा ध्यान दिया है।
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने एक दिन पहले ही 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर मुकाबले को तेज कर दिया है।
इस चुनाव की सबसे चर्चित सीट भवानीपुर मानी जा रही है, जहां ममता बनर्जी खुद चुनाव लड़ेंगी। उनके सामने भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को उतारा है।
गौरतलब है कि 2021 में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें करीब 1,956 वोट से हार का सामना करना पड़ा था। बाद में उन्होंने भवानीपुर से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी की थी।
इस बार भवानीपुर की लड़ाई और दिलचस्प हो गई है। 2021 उपचुनाव में ममता ने यहां लगभग 58 हजार वोट से जीत दर्ज की थी। टीएमसी का दावा है कि मतदाता सूची संशोधन (SIR) में करीब 47 हजार नाम हटाए गए हैं, जबकि भाजपा इसे पारदर्शिता की प्रक्रिया बता रही है।
राज्य में एंटी-इन्कंबेंसी के दबाव और बड़े पैमाने पर उम्मीदवार बदलाव के बीच यह चुनाव टीएमसी के लिए अहम परीक्षा माना जा रहा है।