

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

modi government delimitation bill two major changes cabinet meeting
नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र की मोदी सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर बड़े बदलाव की तैयारी में है। शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलाव के प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी मिल सकती है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी और परिसीमन को जनगणना से अलग करने जैसे बड़े फैसले ले सकती है।
543 से बढ़कर 815 हो सकती हैं लोकसभा की सीटें
सूत्रों के अनुसार, सरकार के प्रस्ताव में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में समान अनुपात से 50 फीसदी की बढ़ोतरी करने का विकल्प शामिल है। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर करीब 815 हो सकती हैं।
गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में संसद में पेश किए गए विधेयक में जनगणना के आधार पर परिसीमन और लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 निर्धारित करने का प्रावधान शामिल था। अब सरकार इसमें बदलाव पर विचार कर सकती है।
25 साल तक टल सकता है परिसीमन
सरकार का दूसरा बड़ा प्रस्ताव परिसीमन को जनगणना से डीलिंक यानी अलग करने का है। इसके तहत लोकसभा सीटों का बंटवारा जनसंख्या वृद्धि के अनुपात के आधार पर नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा परिसीमन को अगले 25 वर्षों तक स्थगित रखने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा सकता है। इसका मकसद दक्षिण भारत के उन राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी को सुरक्षित रखना है, जिन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है।
दरअसल, दक्षिणी राज्यों को आशंका है कि यदि परिसीमन पूरी तरह जनसंख्या के आधार पर हुआ तो कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों की संसद में सीटों की हिस्सेदारी घट सकती है।
कांग्रेस ने सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
दूसरी ओर, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने सरकार की इस कवायद पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण से जुड़ा नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में ही संसद में सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं, बल्कि निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करने के उद्देश्य से बुलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी।
उन्होंने आशंका जताई कि यह जिम्मेदारी एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दी जा सकती है। कांग्रेस नेता ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनता की आवाज से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया।
विशेष सत्र पर टिकी देश की नजरें
लोकसभा को 30 नवंबर और राज्यसभा को 2 दिसंबर से फिर से बुलाए जाने की जानकारी के बीच अब सबकी नजरें कैबिनेट की बैठक और सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।
यदि लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी और परिसीमन को जनगणना से अलग करने के प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो देश की संसदीय राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला और उनके लागू होने की प्रक्रिया सरकार की आधिकारिक घोषणा तथा संसद की मंजूरी पर निर्भर करेगी।