

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Car Stunt Viral Video
कोरबा। जिले के दीपका मुख्य मार्ग पर चलती कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी और हुड़दंग करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। तेज रफ्तार कार में जान जोखिम में डालकर स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद दीपका पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने कार जब्त कर तीनों युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया।
जानकारी के मुताबिक, दीपका मुख्य मार्ग पर वाहन क्रमांक CG12 BD 7800 (XL6) में तीन युवक सवार थे। इनमें ड्राइवर प्रकाश चौहान के साथ मोहन सिंह और महेंद्र सिंह शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की खिड़कियां खोलकर दो युवक बाहर की ओर निकले हुए थे और तेज रफ्तार में चलती कार के दौरान स्टंटबाजी कर रहे थे। उनकी इस लापरवाही से सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई थी।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसे जब्त किया और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
स्टंटबाजी के मामले के साथ ही दीपका पुलिस ने मुख्य मार्ग और बाजार क्षेत्र में अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया। सड़क किनारे और बाजार में बेवजह खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। पुलिस ने ऐसे वाहनों को हटवाया और वाहन चालकों को दोबारा इस तरह वाहन खड़ा नहीं करने की चेतावनी दी।
थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। स्टंटबाजी और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।