

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Cold intensifies in Chhattisgarh; mercury drops to 9.2°C in Ambikapur; no relief expected for the next 5 days.
रायपुर। बारिश का दौर थमने के बाद छत्तीसगढ़ में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं, उत्तरी छत्तीसगढ़ में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहा। इस दौरान अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दुर्ग में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। 26 नवंबर को यहां अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग के माना केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 से 30 नवंबर के बीच अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इससे सुबह और रात के समय ठंडक और बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तथा दक्षिणी गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। यह मौसमी सिस्टम बारिश के लिए अनुकूल माना जाता है, लेकिन फिलहाल इसका छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई खास प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान बारिश की संभावना नहीं है और तापमान में भी किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। ऐसे में प्रदेशवासियों को आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड का सामना करना पड़ सकता है।