

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: CM Vishnu Deo Sai listened to people's grievances during 'Jan-darshan'; provided a hearing aid to an elderly person and issued instructions for the medical treatment of children.
रायपुर। मुख्यमंत्री निवास में आज आयोजित जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। किसी को श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराया गया, तो किसी बच्चे के ऑपरेशन और बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। वहीं, आर्थिक संकट से जूझ रही छात्रा को पढ़ाई जारी रखने के लिए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। जनदर्शन में खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया गया।
जनदर्शन में कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय परसराम राठौर अपने बेटे सोमनाथ राठौर के साथ पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले करीब 30 वर्षों से सुनने की समस्या से परेशान हैं। इस वजह से उन्हें सामान्य बातचीत और रोजमर्रा के कामकाज में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री साय ने बुजुर्ग से आत्मीयता से बात की और उनकी समस्या सुनकर तत्काल श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन्हें मौके पर ही दोनों चीजें उपलब्ध कराई गईं। श्रवण यंत्र लगाते ही परसराम राठौर स्पष्ट आवाजें सुनने लगे। लंबे समय बाद सुनने में राहत मिलने पर उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
इसी जनदर्शन में भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी बलवंत सिंह यादव ने भी श्रवण संबंधी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री को आवेदन सौंपा। उन्होंने बताया कि उनके दाएं कान से कम सुनाई देता है और बाएं कान में भी श्रवण संबंधी परेशानी है। उन्होंने श्रवण यंत्र और श्रवण दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की।

रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग माता हिरकना बाई के साथ छह वर्षीय बेटे छयांश के इलाज की गुहार लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। बड़े बेटे का ऑपरेशन कराने के बाद उसकी स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे छयांश का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा है।

अमित ने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है और परिवार की जिम्मेदारी वे अपनी बुजुर्ग मां और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं। परिवार की स्थिति जानने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंचीं पूर्णिमा साहू ने मुख्यमंत्री से बेटे के बेहतर इलाज की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि पार्थ का जन्म समय से पहले हुआ था और जन्म के बाद करीब दो महीने तक उसे अस्पताल में भर्ती रखना पड़ा था।

वर्तमान में भी बच्चा शारीरिक रूप से कमजोर है। उसकी आंखों में मोटा चश्मा लगा हुआ है और चिकित्सकों ने मोतियाबिंद की समस्या बताई है। आंखों में लेंस प्रत्यारोपण के इलाज पर लाखों रुपये का खर्च बताया गया है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार यह खर्च उठाने में असमर्थ है।
मुख्यमंत्री साय ने मां की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पार्थ के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आर्थिक तंगी उसके इलाज में बाधा न बने।
जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची बीकॉम की छात्रा फरहीन ने मुख्यमंत्री को परिवार की आर्थिक परेशानियों से अवगत कराया। उसने बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई और वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया।
.jpeg)
पिता के इलाज में सारी आर्थिक जमा पूंजी समाप्त होने के बाद परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है। फरहीन की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। साथ ही उसे बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
जनदर्शन में नवा रायपुर से मार्शल आर्ट की खिलाड़ी बहनें सना और सानिया भी मुख्यमंत्री से मिलीं। दोनों ने अपनी खेल उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि वे गोल्डन कप, खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स में हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने दोनों बहनों की उपलब्धियों और पढ़ाई के साथ खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और खेल के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना उनकी मेहनत और अनुशासन को दर्शाता है। उन्होंने दोनों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए खेल के क्षेत्र में आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में अलग-अलग जिलों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, आर्थिक, स्वास्थ्य और अन्य समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जरूरतमंदों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को राहत और सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है।