

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

DMF scam: Major setback for former IAS officer Anil Tuteja from the High Court; anticipatory bail plea rejected.
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जिला खनिज न्यास (DMF) घोटाले में पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टूटेजा को हाई कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कमीशनखोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से जुड़े मामले में हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की सिंगल बेंच ने आरोपों की गंभीरता और गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका को देखते हुए गिरफ्तारी से पहले राहत देने से इनकार कर दिया।
पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टूटेजा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दर्ज ECIR में संभावित गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। उनके खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 3 और 4 के तहत जांच चल रही है। यह मामला DMF फंड के आवंटन में कथित भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, सरकारी बीज निगम के माध्यम से DMF के कार्यों के लिए ठेके और आपूर्ति आदेश दिलाने में बिचौलियों की भूमिका थी। आरोप है कि इसके बदले 20 से 50 प्रतिशत तक कमीशन लिया जाता था, जिसका एक हिस्सा सरकारी अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों तक पहुंचाया जाता था। ED का दावा है कि अनिल टूटेजा ने अपने प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल कर चुनिंदा फर्मों को DMF के कार्य दिलवाए।
जांच में मां गंगा एंटरप्राइजेज और यश एंटरप्राइजेज को वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2022-23 के बीच DMF और अन्य सरकारी मदों से 47.17 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किए जाने का उल्लेख है। एजेंसी का आरोप है कि इन कार्यों के एवज में 20 से 25 प्रतिशत तक अवैध कमीशन लिया गया। पूरक आरोपपत्र में ED ने वाट्सएप चैट, आरोपियों के बयान और एक करोड़ रुपये नकद कमीशन प्राप्त किए जाने से जुड़े तथ्यों का हवाला दिया है।
अनिल टूटेजा की ओर से अधिवक्ताओं ने अदालत में दलील दी कि वे DMF से जुड़े विभाग में पदस्थ नहीं थे और न ही किसी फाइल या निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका थी। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि शुरुआती ECIR और आरोपपत्र में उनका नाम शामिल नहीं था। उनके खिलाफ प्रत्यक्ष धन लेन-देन के प्रमाण भी नहीं मिले हैं। इसके अलावा सह-आरोपियों के बयानों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि कई सह-आरोपियों को जमानत मिल चुकी है।
हालांकि, हाई कोर्ट ने इन दलीलों को अग्रिम जमानत देने के लिए पर्याप्त नहीं माना। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के 16 सितंबर 2025 के उस आदेश का भी उल्लेख किया, जिसमें एक अन्य मामले में टूटेजा को मिली अग्रिम जमानत निरस्त कर दी गई थी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि न्यायिक हिरासत में लंबे समय तक रह चुके सह-आरोपियों को मिली नियमित जमानत का लाभ अग्रिम जमानत मांगने वाले आवेदक को नहीं दिया जा सकता। साथ ही अदालत ने कहा कि उसकी टिप्पणियों का ट्रायल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण के लिए बनाई गई DMF निधि के कथित दुरुपयोग की जांच ED लगातार कर रही है। इस जांच में कांकेर और ACB-EOW से जुड़े मामलों को भी शामिल किया गया है।
ED की कार्रवाई में अब तक IAS अधिकारी रानू साहू और कारोबारी व बिचौलिए सतपाल सिंह छाबड़ा समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सतपाल सिंह छाबड़ा को 1 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था।
ED के अनुसार, जांच में आरोपियों द्वारा करीब 35 करोड़ रुपये की अपराध से अर्जित आय (Proceeds of Crime) का पता चला है। एजेंसी ने 29 अक्टूबर 2026 को जारी प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर के जरिए 31.70 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं। इसके बाद मामले में कुल कुर्क संपत्ति का आंकड़ा करीब 50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं, 30 अक्टूबर 2026 को विशेष PMLA कोर्ट में सतपाल सिंह छाबड़ा और मंदीप चावला समेत कुल 17 आरोपियों के खिलाफ पूरक अभियोजन शिकायत दाखिल की गई है।