

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mumbai coastal road bmw car accident flyover 3 dead
मुंबई: सड़क पर बेतहाशा रफ्तार ने रविवार सुबह मुंबई में तीन युवाओं की जान ले ली, जबकि एक अन्य युवक मौत से जूझ रहा है। यह भीषण हादसा मुंबई के कोस्टल रोड पर हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
रविवार सुबह करीब 5:20 बजे, मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर तेज गति से जा रही एक बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित हो गई। लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने यह कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर फ्लाईओवर की रेलिंग और साइन बोर्ड को तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। कार फ्लाईओवर से नीचे गिरने के बाद करीब 100 फीट दूर जाकर गिरी और उसने कई पलटे खाए, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए।
चारों दोस्त थे छात्र, तीन की मौत
इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि चौथे की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
मृतकों और घायलों की जानकारी:
हादसे में 21 वर्षीय शनाय गज्जर, 17 वर्षीय धैर्य दर्शन सेठ, और 19 वर्षीय आदित्य जक्सिनिया की मौत हो गई है।
23 वर्षीय आदित्य ओसवाल गंभीर रूप से जख्मी हैं, जिनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये सभी लड़के मूल रूप से अहमदाबाद के निवासी थे और मुंबई के अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे थे। ये सभी आपस में दोस्त थे और रविवार सुबह मरीन ड्राइव से लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शी की सूचना पर पहुँची पुलिस
एक प्रत्यक्षदर्शी राहगीर ने सुबह 5:20 पर तुरंत पुलिस को कॉल किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुँच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
कोस्टल रोड की गति सीमा
आपको बता दें कि मुंबई का कोस्टल रोड 10.58 किलोमीटर लंबा एक हाई-स्पीड फ्रीवे है, जो मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है। इस मार्ग पर वाहनों की स्पीड लिमिट 80 से 120 किमी प्रति घंटा तय है। हालांकि, इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले खतरों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।