

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

nitin nabin tiranga photo editing case arun sahu fir raipur
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराते हुए तस्वीर से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। इस मामले में रायपुर के सिविल लाइंस थाने में कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े नेता अरुण साहू के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। बीजेपी की ओर से इसे राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ा गंभीर मामला बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने निवास पर तिरंगा फहराया था। इस दौरान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई। आरोप है कि कांग्रेस आईटी सेल से जुड़े अरुण साहू ने मूल तस्वीर में कथित तौर पर एडिटिंग कर उसमें बदलाव किया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
बीजेपी प्रवक्ता ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
मामले को लेकर बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि तस्वीर के साथ इस तरह छेड़छाड़ की गई, जिससे लोगों के बीच राष्ट्रध्वज और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर भ्रामक संदेश प्रसारित हो सके।

शिकायत के साथ पुलिस को सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट समेत अन्य संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए। बीजेपी की ओर से पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
पोस्ट हटाई गई, लेकिन तब तक हो चुकी थी वायरल
शिकायत में यह भी बताया गया है कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट को बाद में हटा दिया गया। हालांकि, बीजेपी का आरोप है कि पोस्ट हटाए जाने से पहले ही वह सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो चुकी थी। पार्टी ने इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।
राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अरुण साहू के खिलाफ FIR क्रमांक 0429/2026 दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

अब पुलिस सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट, तस्वीर में कथित बदलाव, पोस्ट को शेयर करने की प्रक्रिया और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी देखा जाएगा कि तस्वीर में किस तरह की एडिटिंग की गई और उसे किस उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
बीजेपी बोली- राष्ट्रध्वज के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की अस्मिता, गौरव और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर भ्रम फैलाने का प्रयास गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज के सम्मान के साथ किसी भी तरह की लापरवाही या कथित छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। तस्वीर से छेड़छाड़ के आरोपों और सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।