

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

padma shri awards 2026 chhattisgarh dr ramachandra sunita godbole
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित सिविल इन्वेस्टिचर समारोह फेज-1 में देश की 66 हस्तियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इनमें छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वर्षों से निःस्वार्थ चिकित्सा सेवा दे रहे डॉ. रामचंद्र त्रयम्बक गोडबोले और डॉ. सुनीता गोडबोले को पद्मश्री सम्मान प्रदान किया गया।
मूल रूप से महाराष्ट्र के सतारा निवासी गोडबोले दंपती वर्ष 1990 में दंतेवाड़ा के बारसूर पहुंचे थे। तब से उन्होंने दक्षिण बस्तर, बीजापुर और सुकमा के वनवासी एवं आदिवासी समुदाय की सेवा को ही अपना जीवन मिशन बना लिया। पिछले 35 वर्षों से दोनों डॉक्टर दूर-दराज के गांवों में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।

गोडबोले दंपती अब तक 1 लाख से अधिक मरीजों का मुफ्त इलाज कर चुके हैं। वे लगातार मेडिकल कैंप लगाकर ग्रामीणों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाते हैं और मरीजों का नियमित फॉलो-अप भी करते हैं। MAAS योजना के तहत वे बच्चों को कुपोषण और एनीमिया से बचाने के लिए विशेष अभियान चला रहे हैं।
आदिवासी समाज में “डॉक्टर भैया” के नाम से लोकप्रिय डॉ. रामचंद्र गोडबोले का कहना है कि “मेरे सामने बैठा हर आदिवासी मेरे लिए भगवान है।” वहीं डॉ. सुनीता गोडबोले आदिवासी महिलाओं के संगठन, स्वास्थ्य जागरूकता और बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा देने का कार्य कर रही हैं।
साल 2026 में देशभर की कुल 131 हस्तियों को पद्म पुरस्कार दिए जाने हैं। पहले चरण में 66 लोगों को सम्मानित किया गया है, जबकि शेष 65 पुरस्कार अगले चरण में प्रदान किए जाएंगे। इस फेज में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली बुधरी ताती को भी पद्मश्री सम्मान से नवाजा जाएगा।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोडबोले दंपती को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा दिया गया यह सम्मान जनसेवा, समर्पण और संवेदनशीलता जैसे मूल्यों को राष्ट्रीय पहचान मिलने का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोडबोले दंपती ने वनवासी कल्याण आश्रम से जुड़कर अपना पूरा जीवन जनजातीय समाज की सेवा में समर्पित कर दिया। बस्तर के दुर्गम वनांचलों में रहकर उन्होंने न केवल स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं, बल्कि कुपोषण मुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।