

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

pankaj-jha-targets-congress-haryana-ticket-bribery-allegations
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने हरियाणा और मध्य प्रदेश की हालिया राजनीतिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के "मूल चरित्र" पर सवाल उठाते हुए इसे भ्रष्टाचार और "वोट चोरी" की राजनीति करने वाली पार्टी बताया है।
टिकट के बदले करोड़ों की धंधेबाजी: हरियाणा का वीडियो बना मुद्दा
पंकज झा ने हरियाणा की एक बड़ी कांग्रेस नेत्री और उनके पति (जो स्वयं कांग्रेस पदाधिकारी हैं) द्वारा जारी किए गए वीडियो का हवाला देते हुए सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में स्पष्ट रूप से आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी के घर और उनके स्टाफ के खातों में अनेक बार पैसे पहुंचाए गए, फिर भी टिकट नहीं मिला। झा के अनुसार, वीडियो में जिस तरह से जिक्र किया गया है, उससे यह रकम करोड़ों में होने की आशंका है। उन्होंने इसे कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली बताते हुए मार्गरेट अल्वा के उन आरोपों की भी याद दिलाई, जिसमें उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर टिकट बेचने के आरोप लगाए थे।
एमपी में विधायक की सदस्यता रद्द होने पर 'वोट चोरी' का तंज
मध्य प्रदेश में अनियमितता के आरोप में एक चुनावी याचिका पर कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए पंकज झा ने कहा कि कोर्ट ने कांग्रेस विधायक की सदस्यता रद्द कर भाजपा प्रत्याशी को विधायक घोषित किया है। इस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि "वोट चोरी" केवल इंदिरा गांधी के समय तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह कांग्रेस नेतृत्व का "खानदानी व्यवसाय" बन चुका है। उन्होंने इसे संविधान की हत्या और जनता के जनादेश का अपमान बताया।
छत्तीसगढ़ का वो चर्चित विज्ञापन: ‘हम धान खरीदते हैं, वे सांसद’
पंकज झा ने अतीत का जिक्र करते हुए छत्तीसगढ़ के उस वैश्विक स्तर पर चर्चित विज्ञापन की याद दिलाई जो कांग्रेस के विरुद्ध जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि उस समय नारा दिया गया था "हम खरीदते हैं अधिकतम कीमत पर किसानों का धान, वे खरीदते हैं सांसद। हम बेचते हैं सस्ते में चावल, वे बेचते हैं महंगे टिकट। दुःशासन नहीं, सुशासन चुनिए।" उन्होंने कांग्रेस पर सांसदों की खरीद-फरोख्त के पुराने आरोपों को भी दोहराया।
कांग्रेस का 'मूल चरित्र' और नैरेटिव की राजनीति
मीडिया सलाहकार पंकज झा ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, संविधान की हत्या और वोट चोरी कांग्रेस का असली चेहरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी "धंधेबाजी" को छिपाने के लिए विपक्ष के खिलाफ झूठा नैरेटिव बनाने की कोशिश करती है ताकि लोग रक्षात्मक हो जाएं और उनके कुकृत्य छिपे रहें। झा ने अंत में कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस वही सब कुकृत्य कर रही है जिसका आरोप वह दूसरों पर लगाती रही है- इसे उन्होंने 'चोर बोले जोर से' की स्थिति बताया।