

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने एथनॉल नीति को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए कांग्रेस पर "दोहरा रवैया" (हिप्पोक्रेसी) अपनाने का आरोप लगाया। झा ने दावा किया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और तत्कालीन छत्तीसगढ़ सरकार के रुख में एथनॉल के मुद्दे पर स्पष्ट विरोधाभास देखने को मिलता है।

पंकज झा ने अपनी पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस पत्र का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार से चावल से एथनॉल उत्पादन की अनुमति देने का आग्रह किया था। झा का कहना है कि जिस समय भूपेश बघेल यह मांग कर रहे थे, उसी दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र सरकार की चावल से एथनॉल बनाने की नीति की आलोचना कर रहे थे। इसी विरोधाभास को आधार बनाते हुए उन्होंने कांग्रेस की नीति पर सवाल खड़े किए।
झा ने लिखा कि कांग्रेस का यह रवैया नया नहीं है, बल्कि पार्टी लंबे समय से अलग-अलग परिस्थितियों में अलग-अलग रुख अपनाती रही है। उन्होंने इसे "हिप्पोक्रेसी", "डबल स्टैंडर्ड" और "दोहरापन" बताते हुए कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर अपने राजनीतिक हित के अनुसार पक्ष बदलती है।

अपनी पोस्ट में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति ऐसी है जिसमें हर परिस्थिति में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कांग्रेस की कार्यशैली की तुलना कहावतों के जरिए करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी एक ही मुद्दे पर अलग-अलग मंचों पर अलग-अलग बातें करती है।

पोस्ट के अंत में पंकज झा ने कांग्रेस से सीधा सवाल भी पूछा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस स्पष्ट करे कि वह एथनॉल के पक्ष में है या विरोध में। साथ ही यह भी बताए कि इस मामले में राहुल गांधी का रुख सही है या फिर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का। पंकज झा की इस पोस्ट के बाद एथनॉल नीति को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है।