

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू करने की तैयारी कर ली है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को जानकारी दी कि सरकार ने 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती है।
इस प्रस्तावित सत्र को लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सरकार इस दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम यानी महिला आरक्षण कानून और परिसीमन से जुड़े विधेयक को फिर से संसद में पेश कर सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक सत्र के एजेंडे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
नया सत्र नहीं, मानसून सत्र का ही होगा विस्तार
खास बात यह है कि संसद की यह बैठक तकनीकी रूप से कोई नया सत्र नहीं होगी, बल्कि मानसून सत्र का ही विस्तार मानी जाएगी। दरअसल, संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अब तक उसका औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है। ऐसे में सरकार नए सत्र का समन जारी किए बिना दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुला सकती है।
शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक
संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक दोपहर 1 बजे होगी। माना जा रहा है कि इसमें महिला आरक्षण विधेयक में संभावित बदलाव और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। वहीं, संसद सत्र को लेकर कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है।
कांग्रेस संसदीय रणनीति समूह की बैठक शुक्रवार शाम 4:30 बजे दिल्ली में होगी। इसमें आगामी संसद सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति और सरकार के संभावित विधेयकों पर चर्चा की जाएगी।
BJD ने कहा- पहले से थी सत्र बुलाए जाने की उम्मीद
संसद की बैठक दोबारा बुलाए जाने पर बीजू जनता दल (BJD) के उपाध्यक्ष प्रसन्ना आचार्य ने कहा कि उन्हें इसकी पहले से उम्मीद थी, क्योंकि मानसून सत्र खत्म होने के बाद भी उसका औपचारिक सत्रावसान नहीं किया गया था।
उन्होंने कहा कि अभी तक सत्ताधारी दल ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि संसद की बैठक किस उद्देश्य से दोबारा बुलाई जा रही है। हालांकि, ऐसी अटकलें हैं कि सरकार परिसीमन विधेयक को महिला आरक्षण विधेयक के साथ जोड़कर फिर से पेश कर सकती है।
प्रसन्ना आचार्य ने उम्मीद जताई कि पिछली बार जिन बिंदुओं पर विपक्षी दलों ने आपत्ति जताई थी, उन्हें आपसी सहमति से सुलझाया जाएगा और सरकार अपने रुख में बदलाव करेगी।