

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

patna-civil-court-bomb-threat-email-security-alert
पटना। इस सप्ताह दूसरी बार पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। बुधवार सुबह जिला जज को ईमेल भेजकर कोर्ट परिसर में बम धमाके की चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं तथा पूरे परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह 6 बजकर 27 मिनट 49 सेकेंड पर जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। यह ईमेल [sunniya_dassan@outlook.com](mailto:sunniya_dassan@outlook.com) आईडी से भेजा गया था। मेल में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लिखे गए थे और दोपहर 1:00 बजे पटना सिविल कोर्ट में बम धमाके की बात कही गई थी।
ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस की बड़ी टीम, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर जजों के चैंबर, अदालत कक्ष और परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं व कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद कोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। खबर लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार को भी पटना, औरंगाबाद और भागलपुर के न्यायालयों को बम धमाके की धमकी दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों से अधिवक्ताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि हाल के महीनों में इस तरह की कई धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन अब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ठोस कदम नहीं उठाए जाने के कारण ऐसे तत्वों के हौसले बुलंद हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि ईमेल के सोर्स का पता लगाया जा रहा है और साइबर सेल को जांच में लगाया गया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही धमकी देने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।