

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

rahul gandhi chhattisgarh visit raipur congress training camp
रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। वे रायपुर जिले के अभनपुर स्थित चांदी मोड़ में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में करीब चार घंटे तक मौजूद रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी दोपहर 2 बजे रायपुर पहुंचेंगे और शाम 6 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन में उत्साह का माहौल है। इस दौरान वे नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ विशेष संवाद सत्र में हिस्सा लेंगे। प्रशिक्षण शिविर में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ प्रबंधन, आगामी चुनावी रणनीति और भाजपा के खिलाफ राजनीतिक नैरेटिव तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
10 दिन का आवासीय प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस का यह 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर शुक्रवार से अभनपुर के आशुतोष-अलका अग्रवाल मंगल भवन में शुरू हुआ है। संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में प्रदेशभर के नवनियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना और नेताओं को जमीनी मुद्दों से जोड़ना है।
कांग्रेस ने इस प्रशिक्षण को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा है। नेताओं को गांवों में रुककर ग्रामीणों से संवाद करने, मनरेगा की जमीनी स्थिति समझने, नशे की समस्या पर चर्चा करने और स्थानीय सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों का अध्ययन करने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
योग, मार्शल आर्ट्स और व्यक्तित्व विकास पर भी फोकस
शिविर की शुरुआत झंडावंदन के साथ हुई। इसमें योग, मार्शल आर्ट्स, व्यक्तित्व विकास और संगठन प्रबंधन के विशेष सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ मीडिया हैंडलिंग, जनसंपर्क, राजनीतिक रणनीति और बूथ स्तर के प्रबंधन पर प्रशिक्षण दे रहे हैं। शिविर में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता भी विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
राहुल गांधी के दौरे पर सियासी बयानबाजी तेज
राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी का स्वागत है। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्या सिखाने आ रहे हैं। क्या वे भ्रष्टाचार की ट्रेनिंग देने आए हैं या फिर ‘आलू से सोना निकालने’ जैसी बातें सिखाने आ रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भाजपा विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है। विकास उपाध्याय ने कहा कि पुरंदर मिश्रा अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं और अनावश्यक बयान देकर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रहे हैं।
इधर, अंबिकापुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जहां जाते हैं, उसका हश्र सब जानते हैं।
राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पार्टी इसे आगामी चुनावों से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की बड़ी कवायद के रूप में देख रही है। माना जा रहा है कि उनके इस दौरे से प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को नई दिशा देने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास किया जाएगा।