

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raigarh elephant attack two deaths chhattisgarh
रायगढ़: रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वनमंडल में शनिवार तड़के हाथियों ने जमकर कोहराम मचाया। हाथियों के हमले की दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई।
पहली घटना: माँ की मौत, बच्ची रही सुरक्षित
पहली घटना कापू रेंज के तालगांव बस्ती की है। यहाँ हाथी के हमले से जान बचाकर भाग रही 37 वर्षीय शकुंतला बाई पर हाथी ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उनकी दूधमुंही बेटी अपनी माँ के पास रोती-बिलखती रही। ग्रामीणों ने तुरंत महिला को कापू अस्पताल पहुँचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी दुखद मृत्यु हो गई।
दूसरी घटना: शौच के लिए निकले ग्रामीण की जान गई
दूसरी घटना छाल रेंज के औरानारा गांव में हुई। यहाँ सुबह शौच के लिए घर से निकले 50 वर्षीय बंधन अगरिया पर हाथी ने हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाही शुरू की। धरमजयगढ़ वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने जानकारी दी कि दोनों मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान कर दी गई है। प्रभावित गांवों में लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। वन अमला हाथियों के दल पर लगातार निगरानी रख रहा है ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।