

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur balaji medical college mbbs student death fentanyl recovered
रायपुर: राजधानी के पंडरी थाना क्षेत्र स्थित श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के हॉस्टल में एमबीबीएस थर्ड ईयर के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय विनायक सैनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के अजमेर के रहने वाले थे। शुक्रवार रात हुई इस घटना के बाद से कॉलेज परिसर और छात्रों में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके से एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली शक्तिशाली नशीली दवा 'फेंटानिल' और कई इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिसके बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनायक सैनी घटना वाले दिन ही अपने घर से लौटकर कॉलेज पहुंचे थे। हॉस्टल लौटने के बाद वह तीसरे फ्लोर पर रहने वाले अपने एक मित्र के कमरे में गए थे, जो खुद दो दिन पहले ही घर से लौटा था। रात करीब नौ बजे दोस्त कमरे से खाना खाने के लिए बाहर गया था। जब वह कुछ देर बाद वापस लौटा, तो विनायक बिस्तर पर औंधे मुंह अचेत अवस्था में पड़े मिले। स्थिति को भांपते हुए दोस्त ने तुरंत अन्य साथियों की मदद से उन्हें श्री बालाजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हॉस्टल के कमरे को सील कर फॉरेंसिक जांच शुरू की। तलाशी के दौरान कमरे से कई नशीली दवाइयां और सिरिंज बरामद की गईं। शुरुआती तौर पर घटनास्थल से 'फेंटानिल' (Fentanyl)—जो कि एक बेहद शक्तिशाली सिंथेटिक ओपियाइड और एनेस्थेटिक दवा है—के मिलने की पुष्टि हुई है। हालांकि, छात्र ने इस दवा का सेवन खुद किया था या मौत की अन्य कोई वजह रही, इसकी पुख्ता पुष्टि विसरा रिपोर्ट और पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पंडरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना को आत्महत्या के एंगल से भी जोड़कर देख रही है। छात्र के घर से वापस लौटने के बाद किन-किन लोगों से संपर्क में था, इसकी कॉल डिटेल और मूवमेंट खंगाली जा रही है।
मृतक के परिजनों, दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि विनायक किसी प्रकार के मानसिक तनाव या दबाव से जूझ रहे थे या नहीं।
पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में प्रतिबंधित या नियंत्रित श्रेणी में आने वाली 'फेंटानिल' जैसी दवा और इंजेक्शन छात्र तक कैसे और कहां से पहुंचे। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों के रायपुर आने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।