

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-cyber-fraud-call-center-bust-40-arrested
रायपुर। राजधानी में साइबर अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित तीन फर्जी कॉल सेंटरों पर छापेमार कार्रवाई कर पुलिस ने 40 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ये फर्जी कॉल सेंटर गंज थाना क्षेत्र में एक और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर चलाए जा रहे थे। इसके अलावा फाफडीह इलाके में भी एक बड़े कॉल सेंटर के संचालन का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20 लैपटॉप, 50 डेस्कटॉप कंप्यूटर और करीब 50 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को Amazon और Apple के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर अमेरिका सहित अन्य देशों के नागरिकों को निशाना बनाते थे। गिरोह इंटरनेट पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर इस तरह अपलोड करता था कि वे गूगल सर्च में सबसे ऊपर दिखाई दें। जब विदेशी नागरिक सहायता के लिए इन नंबरों पर कॉल करते थे, तो कॉल सेंटर में मौजूद कर्मचारी उन्हें लोन, रिफंड या टेक्निकल सपोर्ट का झांसा देकर ठगी करते थे।
गिरोह के सदस्य कॉल सेंटरों का संचालन मुख्य रूप से रात के समय करते थे, ताकि अमेरिकी और यूरोपीय समय के अनुसार लोगों से संपर्क किया जा सके। ठगी को अंजाम देने के लिए स्क्रिप्ट और तकनीकी टूल्स का इस्तेमाल किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के युवक-युवतियां शामिल हैं। इनमें से कई लोग 15 से 20 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह अलग-अलग शहरों में अस्थायी रूप से कॉल सेंटर स्थापित करता था, ताकि कानून से बचा जा सके।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के मास्टरमाइंड और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से संपर्क कर ठगी के दायरे और कुल रकम का आकलन किया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कॉल सेंटरों को तकनीकी संसाधन और विदेशी डेटा कहां से उपलब्ध कराया गया था। बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच जारी है।