

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur cyber fraud elderly man loses 3 lakh after mobile lost
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मोबाइल गुम होने के बाद साइबर ठगों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते को निशाना बनाते हुए करीब तीन लाख रुपये निकाल लिए। आरोपित ने 26 से 28 अक्टूबर के बीच यूपीआई के माध्यम से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर खाते से कुल 2,99,998 रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पीड़ित को धोखाधड़ी की जानकारी 30 अक्टूबर को मिली, जब उनके मोबाइल पर बैंक खाते में महज 10 हजार रुपये शेष होने का मैसेज आया। इसके बाद उन्होंने बैंक पहुंचकर खाते का स्टेटमेंट निकलवाया, जिसमें तीन दिनों के दौरान हुई संदिग्ध निकासी का खुलासा हुआ।
शुक्रवारी बाजार में गुम हुआ था मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, डंगनिया स्थित बम्लेश्वरी मंदिर के पास साई मंदिर रोड निवासी 70 वर्षीय राजेश खरे सीएसईबी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनका यूको बैंक की फाफाडीह मुख्य शाखा में खाता है। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर को शुक्रवारी बाजार में उनका मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया था। इसके बाद उन्होंने आजाद चौक थाने में मोबाइल गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और उसी नंबर का दूसरा सिम कार्ड ले लिया।
तीन दिन में खाते से उड़ाए 2.99 लाख
पीड़ित के अनुसार, मोबाइल गुम होने के बाद 26, 27 और 28 अक्टूबर को उनके बैंक खाते से यूपीआई के जरिए तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए गए। इन ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 2,99,998 रुपये अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। खास बात यह रही कि इस दौरान उन्हें बैंक की ओर से ट्रांजेक्शन संबंधी कोई मैसेज नहीं मिला।
30 अक्टूबर को खाते में केवल 10 हजार रुपये शेष होने का संदेश मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। बैंक से स्टेटमेंट निकलवाने पर पूरी धोखाधड़ी सामने आई।
डीडी नगर पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की शिकायत मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल गुम होने के बाद आरोपित ने बैंक खाते और यूपीआई तक पहुंच कैसे बनाई और रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।