

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-idbi-bank-fraud-40-lakh-fd-scam-siltra
रायपुर। धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा इलाके में बैंक कर्मचारी द्वारा दंपती से 40 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने फिक्स डिपॉजिट (FD) कराने के नाम पर ब्लैंक चेक लेकर उनके खातों से किस्तों में पूरी रकम अपने और साथियों के खातों में ट्रांसफर कर ली। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित दंपती नरेंद्र कुमार वर्मा और उनकी पत्नी मनीषा वर्मा ग्राम सिलतरा के निवासी हैं। दोनों का खाता आईडीबीआई बैंक की बरौदा शाखा में है। उनके खातों में 20-20 लाख रुपए जमा थे।
नरेंद्र वर्मा ने बताया कि वे रकम को फिक्स डिपॉजिट कराने के लिए बैंक गए थे। बैंक में उनकी पहचान कर्मचारी राजा खुटे से थी। राजा ने एफडी की प्रक्रिया पूरी करने का भरोसा दिलाकर उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और दो ब्लैंक चेक पर हस्ताक्षर करवाकर ले लिए।
भरोसा कायम रखने के लिए आरोपी ने नरेंद्र को एफडी की पावती भी दे दी। इसके बाद जून 2023 से लेकर नवंबर 2025 के बीच आरोपी ने ब्लैंक चेक का इस्तेमाल कर धीरे-धीरे कुल 40 लाख रुपए निकाल लिए। यह रकम आरोपी राजा खुटे ने अपने और अपने साथियों विकास राव गोडकी और शैलेन्द्री के खातों में ट्रांसफर कर दी।
पीड़ित दंपती को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब 2 मार्च 2026 को उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी और उन्होंने राजा खुटे को फोन कर एफडी तुड़वाने की बात कही। इस पर आरोपी ने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि रुपयों का हेर-फेर हो गया है और पैसे नहीं हैं।
संदेह होने पर जब दंपती बैंक पहुंचे और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो ठगी का खुलासा हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
धरसींवा पुलिस ने नरेंद्र वर्मा की शिकायत पर बैंक कर्मचारी राजा खुटे सहित विकास राव गोडकी और शैलेन्द्री के खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एफडी के दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट जब्त कर लिए हैं। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।