

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

lpg-cylinder-price-hike-india-march-2026
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट संकट के बीच महंगाई का झटका लगा है। देश भर में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। शनिवार, 7 मार्च से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 115 रुपये बढ़ा दिए गए हैं, जिसका असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा।
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर का दाम 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गया है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 879 रुपये से बढ़कर 930 रुपये का हो गया है, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है। ये नए रेट आज से लागू हो गए हैं।
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में भी वृद्धि की गई है। दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गई है। मुंबई में इसकी कीमत 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये हो गई है। कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये का हो गया है।
गौरतलब है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें अप्रैल 2025 से स्थिर थीं, जब दिल्ली में बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर 853 रुपये का था। अब लगभग एक साल बाद कीमतों में यह नई बढ़ोतरी की गई है।
इसी बीच देश में ईंधन की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भरोसा दिलाया है कि भारत में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सरकार नागरिकों को सस्ता और टिकाऊ ईंधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने भी पेट्रोल और डीज़ल की कमी से जुड़ी खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और सप्लाई तथा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है। कंपनी ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट में संभावित बाधाओं की आशंका के बावजूद भारत में कच्चे तेल, पेट्रोलियम उत्पादों और एलपीजी की सप्लाई फिलहाल सामान्य बनी हुई है। सरकार हालात पर लगातार नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य स्रोतों से सप्लाई बढ़ाने की योजना भी तैयार है।
सूत्रों ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने अपने क्रूड ऑयल आयात स्रोतों में विविधता लाई है। वर्ष 2022 में जहां रूस से भारत का कच्चा तेल आयात मात्र 0.2 प्रतिशत था, वहीं अब यह हिस्सा काफी बढ़ गया है। फरवरी में भारत ने अपने कुल क्रूड ऑयल आयात का करीब 20 प्रतिशत रूस से खरीदा, जो लगभग 1.04 मिलियन बैरल प्रतिदिन है।