

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur igkv fire agricultural university campus fire 20 lakh loss
रायपुर। राजधानी स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में देर रात करीब एक बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि विश्वविद्यालय परिसर और हॉस्टल की बिजली व्यवस्था घंटों तक बाधित रही। यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के खेत परीक्षण क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते कई एकड़ में फैल गई। आग की चपेट में आने से कृषि अनुसंधान और परीक्षण कार्य को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 20 लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और छात्रों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। बताया जा रहा है कि दमकल विभाग को सूचना देने में शुरुआती देरी हुई, जिससे आग और ज्यादा फैल गई।
सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना के दौरान विश्वविद्यालय के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे, जिसे लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।