

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur petrol crisis pumps dry
रायपुर। राजधानी रायपुर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत ने लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को आम जनता से लेकर सरकारी तंत्र तक की सांसें अटका दी हैं। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि जिले के 326 पेट्रोल पंपों में से 53 पंप पूरी तरह से ड्राई (खाली) हो गए हैं। पूरे छत्तीसगढ़ में इस वक्त सबसे ज्यादा खराब स्थिति रायपुर की बनी हुई है, जहां ईंधन के लिए चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है।
आम जनता ही नहीं, सिस्टम भी ठप होने की कगार पर
इस संकट का सीधा असर सिर्फ आम जनता की गाड़ियों पर नहीं, बल्कि आवश्यक सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। शहर के कई पंपों पर आपातकालीन सेवाएं देने वाली 'डायल 112' की गाड़ियां, थानों की पेट्रोलिंग गाड़ियां, नगर निगम के पानी टैंकर, गैस एजेंसियां और मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस भी डीजल के लिए घंटों लंबी लाइनों में रेंगती नजर आईं।
इसके अलावा, बाहरी राज्यों और जिलों से सब्जी, फल और चावल लेकर आने-जाने वाले ट्रांसपोर्टर्स की गाड़ियां भी डीजल न मिलने के कारण शहर के बाहर खड़ी होकर इंतजार कर रही हैं।
विवाद रोकने पुलिस ने चस्पा किए इमरजेंसी नंबर, सुरक्षा बढ़ी
पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भारी भीड़ के कारण लगातार विवाद की स्थितियां बन रही हैं। इसके साथ ही, भारी बिक्री की वजह से पंपों पर कैश भी उम्मीद से ज्यादा जमा हो रहा है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना या कानून-व्यवस्था बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। रायपुर के सभी प्रमुख पेट्रोल पंपों पर पुलिस द्वारा आपातकालीन (इमरजेंसी) नंबर चस्पा किए गए हैं, ताकि किसी भी गड़बड़ी या कालाबाजारी की शिकायत तुरंत की जा सके।
ईंधन के दामों में भी आया उछाल
एक तरफ जहां ईंधन की किल्लत है, वहीं दूसरी तरफ कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रायपुर में ईंधन 3.11 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ है:
पेट्रोल: पहले ₹100.45 था, जो अब बढ़कर ₹103.56 हो गया है।
डीजल: पहले ₹93.39 था, जो अब बढ़कर ₹96.55 हो गया है।
स्पीड पेट्रोल: अब ₹112.29 प्रति लीटर पर पहुंच गया है।
शनिवार तक पहुंच जाएगा स्टॉक: अपर कलेक्टर
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर एवं नोडल अफसर कीर्तिमान राठौर ने कहा, “पंपों के ड्राई होने की सूचना मिलते ही तीनों प्रमुख पेट्रोलियम कंपनियों से बात की गई है। शनिवार तक सभी ड्राई पंपों में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक पहुंच जाएगा। टैंकरों को लगातार रवाना किया जा रहा है, जिससे शनिवार से स्थिति पूरी तरह सामान्य दिखाई देगी।”
लोग पैनिक न हों, धैर्य रखें: एसोसिएशन अध्यक्ष
रायपुर पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगत ने बताया कि, “पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से लगातार टैंकर भेजे जा रहे हैं। लेकिन किल्लत की खबर सुनकर लोग डर के मारे अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल करवा रहे हैं, जिससे स्टॉक जल्दी खत्म हो रहा है। लोग धैर्य रखें, जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।”