

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-police-arrest-12-anti-social-elements-24-hours
रायपुर। शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसीसीयू (क्राइम यूनिट) और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग घटनाओं में शामिल आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में धारदार हथियार बरामद किए हैं। सभी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पहली घटना मौदहापारा बस्ती क्षेत्र की है, जहां पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने गाली-गलौज के बाद चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी घटना मरही माता मंदिर क्षेत्र की है, जहां कुछ लोगों ने समूह बनाकर पत्थरबाजी की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
तीसरी घटना डेंटल कॉलेज चौक के पास हुई, जहां कुछ युवक खुलेआम तलवार लहराकर लोगों को डरा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन आरोपियों को धर दबोचा और उनके पास से हथियार जब्त किए।

तीनों घटनाओं में पुलिस ने दर्जनभर चाकू, तलवार और अन्य धारदार हथियार बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में शांति भंग करने, मारपीट, चाकूबाजी और हथियार लहराने जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।