

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur police freeze drug smuggler mukesh baniya property safema
रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत रायपुर पुलिस ने कुख्यात नशा तस्कर मुकेश उर्फ "मुकेश बनिया" की करीब 42 लाख रुपये की अवैध संपत्तियों को फ्रीज कर बड़ा आर्थिक प्रहार किया है। मुंबई स्थित SAFEMA (Smugglers and Foreign Exchange Manipulators Forfeiture of Property Act) के सक्षम प्राधिकारी ने पुलिस के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए फ्रीजिंग ऑर्डर की पुष्टि कर दी है।
पुलिस के अनुसार मुकेश बनिया आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 31 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरवरी 2026 में थाना सिटी कोतवाली और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में उसे भारी मात्रा में गांजा, अल्प्राजोलम जैसी नशीली गोलियां और हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ पहले ही PIT-NDPS Act के तहत डिटेंशन ऑर्डर भी जारी किया जा चुका है।
अवैध कमाई से खरीदा था मकान और वाहन
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की आर्थिक गतिविधियों की गहन पड़ताल की। जांच में सामने आया कि उसने नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध धन से एक आलीशान मकान और तीन वाहन खरीदे थे। इसके बाद थाना सिटी कोतवाली ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत इन संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव भेजा, जिसे SAFEMA के सक्षम प्राधिकारी ने साक्ष्यों की जांच के बाद मंजूरी दे दी।
अब नहीं बेच सकेगा संपत्ति
फ्रीजिंग आदेश लागू होने के बाद आरोपी इन संपत्तियों को न तो बेच सकेगा, न गिरवी रख सकेगा और न ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम हस्तांतरित कर सकेगा। अब उसे यह साबित करना होगा कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए उपयोग की गई राशि वैध स्रोतों से अर्जित की गई थी। यदि वह ऐसा करने में असफल रहता है, तो सरकार इन संपत्तियों को स्थायी रूप से जब्त कर सकती है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश
रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अब केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि तस्करों की अवैध संपत्ति पर भी लगातार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा और निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार की टीम ने मजबूत दस्तावेजी साक्ष्य जुटाकर इस कार्रवाई को सफल बनाया। पुलिस का मानना है कि इस तरह की आर्थिक कार्रवाई से नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों की कमर टूटेगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।