

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major ACB operation at Pharasgaon Tehsil office; Tehsildar's reader arrested red-handed while accepting a bribe of ₹10,000.
कोंडागांव। कोंडागांव जिले के फरसगांव तहसील कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और पूरे दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पाटला निवासी बिसुलाल नेताम ने ACB से शिकायत की थी कि नामांतरण प्रकरण में उसके पिता और बुआ का नाम राजस्व अभिलेख में दर्ज कराने के बदले तहसीलदार के रीडर मुकेश रंगारी ने 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप की योजना तैयार की।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता आरोपी को पहले ही दो किश्तों में 15 हजार और 20 हजार रुपये, कुल 35 हजार रुपये दे चुका था। मंगलवार को जब आरोपी तीसरी किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
एंटी करप्शन ब्यूरो के डीएसपी चंद्रशेखर ध्रुव ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई, जिसमें मुकेश रंगारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने नहीं आई है। हालांकि विवेचना जारी है और जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।