

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Congress reaches Nakti village: Listens to the victims' pain; Baij says, 'The issue will be raised in the Assembly.'
रायपुर। राजधानी रायपुर के नकटी गांव में अवैध अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज मंगलवार को प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने लोगों की समस्याएं सुनीं, प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए और प्रभावितों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात के दौरान कहा कि घटना की जानकारी उन्हें देर रात मिली थी। उन्होंने बताया कि तत्काल पार्टी नेता पप्पू बंजारे को मौके पर भेजा गया था, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति सामान्य नहीं थी।
बैज ने कहा कि कांग्रेस इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि घर टूटने का दर्द केवल पीड़ितों का नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी का भी है।
दीपक बैज ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि सरकार विधायक और अधिकारियों के लिए आवास बनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन इसके लिए गरीबों के घरों को उजाड़ना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी का घर तोड़कर जनप्रतिनिधियों के लिए आवास बनाना स्वीकार्य नहीं हो सकता।
बैज ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीति करने नहीं आई है, बल्कि प्रभावित लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने आई है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में इस तरह गरीबों के घर नहीं तोड़े गए थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने घोषणा की कि 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र में कांग्रेस नकटी गांव का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगी। इसके अलावा पार्टी का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर और राज्यपाल से भी मुलाकात करेगा। यदि समाधान नहीं निकला तो कांग्रेस आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।
दीपक बैज ने भाजपा विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वे चाहते तो कार्रवाई रुक सकती थी। उन्होंने कहा कि दोनों जनप्रतिनिधियों से यह सवाल पूछा जाना चाहिए कि प्रभावित परिवारों के घर क्यों नहीं बचाए गए।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रभावित परिवारों से चर्चा के बाद राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन ने गरीबों के घरों पर कार्रवाई की, जबकि प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माणों को नहीं छुआ गया।
उन्होंने मांग की कि जिन परिवारों के घर तोड़े गए हैं, उन्हें मकानों का पूरा मुआवजा दिया जाए। साथ ही आजीविका के नुकसान की भरपाई और उचित पुनर्वास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार ने गरीबों पर बुलडोजर चलाकर अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल और अनुज शर्मा पहल करते तो यह स्थिति टाली जा सकती थी। उन्होंने यह भी मांग की कि गांव के आसपास मौजूद सभी अवैध कब्जों पर बिना किसी भेदभाव के समान कार्रवाई की जाए।
नकटी गांव के दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि पार्टी उनके अधिकारों और पुनर्वास की मांग को लेकर हर स्तर पर संघर्ष करेगी। कांग्रेस ने संकेत दिए कि यदि सरकार ने उचित कार्रवाई नहीं की तो इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़क तक जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।