

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Alleged rape case in Katghi turns out to be a blackmail plot; four arrested, including a woman.
कसडोल। बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के कटगी गांव में कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों से शुरू हुआ मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बजाय जांच में कथित सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेल की साजिश का एंगल सामने आया है। इस मामले में एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम कटगी के जनपद पंचायत सदस्य अंजीव जायसवाल और ग्राम पंचायत के सरपंच जय सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे यह संदेह पैदा हुआ कि दोनों जनप्रतिनिधियों को कथित रूप से झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाकर उन पर दबाव बनाने और उनकी छवि धूमिल करने की योजना बनाई गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर, एक पूर्व युवा नेता, एक महिला और एक अन्य व्यक्ति की कथित संलिप्तता पाई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शिकायतकर्ता महिला का बयान भी दर्ज किया गया है। जांच के दौरान सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना निष्पक्ष तरीके से जारी है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले के पीछे चुनावी रंजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि इस संबंध में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।