

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

rajnandgaon acb arrests head constable kishore yadav taking 20000 bribe
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने बसंतपुर थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल किशोर यादव को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने 18 लाख रुपए के निजी लोन का सेटलमेंट कराने के बदले प्रार्थी से 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी गौरव अग्रवाल पर करीब 18 लाख रुपए का निजी लोन था। इसका सेटलमेंट कराने के नाम पर हेड कॉन्स्टेबल किशोर यादव ने कथित तौर पर 2 लाख रुपए की मांग की थी। तय रकम की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपए देने की बात हुई थी। रिश्वत देने के बजाय प्रार्थी ने इसकी शिकायत ACB से कर दी।
थाने में ही ACB ने बिछाया जाल
शिकायत की जांच के बाद रायपुर से ACB की टीम डीएसपी राजेश चौधरी के नेतृत्व में राजनांदगांव पहुंची। टीम ने बसंतपुर थाने में दबिश देकर जाल बिछाया। जैसे ही हेड कॉन्स्टेबल ने प्रार्थी से 20 हजार रुपए लिए, ACB की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
हैरानी की बात यह है कि जिस समय थाने के भीतर रिश्वतखोरी के मामले में ACB की कार्रवाई चल रही थी, उसी दौरान जिले की एसपी अंकिता शर्मा पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्राइम मीटिंग ले रही थीं। थाने के भीतर ही रिश्वत लेने का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
एसपी ने किया तत्काल सस्पेंड
ACB की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद एसपी अंकिता शर्मा ने हेड कॉन्स्टेबल किशोर यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन आदेश में उसके कृत्य को गंभीर कदाचरण और अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिस विभाग की छवि खराब करने वाला बताया गया है।
निलंबन के बाद उसे रक्षित केंद्र राजनांदगांव में अटैच किया गया है। निलंबन अवधि में वह बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेगा और उसे तीनों गणना में उपस्थित रहना होगा। इस दौरान उसे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
फिलहाल ACB की टीम आरोपी हेड कॉन्स्टेबल से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।