

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

rajnandgaon sp ankita sharma ak47 firing video shastra puja controversy
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दशहरा के अवसर पर पारंपरिक शस्त्र पूजा के दौरान पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा का AK-47 राइफल से हवा में फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद हथियारों के इस्तेमाल, सुरक्षा और पुलिस अनुशासन को लेकर बहस शुरू हो गई है। मामले पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि सरकार इस घटना का संज्ञान लेगी।
दरअसल, मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर राजनांदगांव शहर की पुलिस लाइंस में पारंपरिक शस्त्र पूजा का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुलिस के हथियारों और वाहनों की पूजा की गई। इसी कार्यक्रम का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें साड़ी पहने SP अंकिता शर्मा AK-47 राइफल से फायरिंग करती नजर आ रही हैं।
इसी कार्यक्रम से जुड़े एक अन्य वीडियो में राजनांदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कीर्तन राठौर भी AK-47 से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने शस्त्र पूजा को परंपरा का हिस्सा बताते हुए SP अंकिता शर्मा का समर्थन किया है। वहीं, कुछ यूजर्स ने हथियार संभालने के तरीके और सार्वजनिक रूप से फायरिंग किए जाने को लेकर सवाल उठाए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर धार्मिक और पारंपरिक आयोजनों के दौरान हथियारों के इस्तेमाल में सुरक्षा नियमों और अनुशासन के पालन को लेकर चर्चा छेड़ दी है।
बताया जा रहा है कि दशहरे के दिन छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शस्त्र पूजा के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा फायरिंग किए जाने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किए गए हैं। इनमें रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग, कबीरधाम और बस्तर समेत अन्य जिलों के वीडियो शामिल हैं।
SP अंकिता शर्मा के वायरल वीडियो को लेकर जब उपमुख्यमंत्री अरुण साव से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले का संज्ञान लेगी। अब इस घटना को लेकर सरकार की ओर से आगे क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।
शस्त्र पूजा पुलिस की परंपरा का हिस्सा रही है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद सुरक्षा मानकों और हथियारों के इस्तेमाल को लेकर उठे सवालों के बीच मामले पर सरकार की प्रतिक्रिया अहम मानी जा रही है।