

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ramayana part 1 box office collection 1000 crore
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के महज 8 दिनों में दुनियाभर में ₹1,033.55 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसी के साथ फिल्म 1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गई है।
सबसे तेज 1000 करोड़ रुपये कमाने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में 'रामायण: पार्ट 1' तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। इससे पहले रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' और अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' ने महज 7 दिनों में यह आंकड़ा पार किया था।
भारत में ₹675 करोड़ से ज्यादा की कमाई
फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो भारत में इसने 8 दिनों में ₹564.60 करोड़ का नेट और ₹675.05 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं, विदेशी बाजारों से फिल्म को ₹358.50 करोड़ की कमाई हुई है। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन ₹1,033.55 करोड़ पहुंच गया है।
फिल्म की कमाई में हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान रहा है। आठ दिनों में हिंदी वर्जन ने ₹437 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। वहीं, कन्नड़ वर्जन से ₹48.95 करोड़ और तेलुगु वर्जन से ₹38.05 करोड़ की कमाई हुई।
'पठान' का रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी
'रामायण: पार्ट 1' अब शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ने की ओर बढ़ रही है। फिल्म की मौजूदा कमाई को देखते हुए यह रिकॉर्ड जल्द टूट सकता है।
आठ दिनों के भीतर फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में दूसरे स्थान पर पहुंच चुकी है। वहीं, हिंदी सिनेमा के इतिहास में यह छठी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।
टॉप-10 फिल्मों में शामिल होने की दौड़
भारतीय फिल्मों के ऑलटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन की सूची में 'रामायण: पार्ट 1' फिलहाल 11वें स्थान पर बताई जा रही है। अब फिल्म की नजर टॉप-10 में जगह बनाने पर है। वहीं, हिंदी फिल्मों के ऑलटाइम कलेक्शन में आमिर खान की 'दंगल' ₹2,000 करोड़ से ज्यादा की कमाई के साथ शीर्ष पर बनी हुई है।
आठ दिनों में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली 'रामायण: पार्ट 1' की बॉक्स ऑफिस रफ्तार ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में रणबीर कपूर की यह फिल्म कमाई के कितने नए रिकॉर्ड अपने नाम करती है।