

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A major gift for Mungeli from CM Vishnu Deo Sai
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 465 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 77 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 68 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 24 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है।

इन विकास कार्यों से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 3100 रुपए मिलेगा भाव
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए धान खरीदी और कृषक उन्नति योजना को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।

इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में लगभग 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी। इसके लिए किसानों को निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा। निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी सत्यापित रकबे और पात्रता के आधार पर सहायता राशि मिलेगी।
143 करोड़ की लागत से बनेंगी सड़कें, पेयजल योजना पर 203 करोड़ खर्च
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंगेली जिले में करीब 143 करोड़ रुपए की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इसके अलावा अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली जल प्रदाय योजना की शुरुआत की गई है।
वहीं जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनसे सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को खेती में लाभ मिलेगा।

कंतेली में कॉलेज और पंचायत भवन बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका बनाने तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की भी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भवन बनने से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। वहीं स्मृति वाटिका आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाएगी।
महतारी वंदन योजना की 68 लाख महिलाओं को मिल रहा लाभ
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21,340 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
हेल्पलाइन 1076 और डिजिटल सेवाओं से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोग अपनी शिकायतें इस नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई है।

इसके अलावा सेवा सेतु पोर्टल और ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से सरकारी सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी दी जा रही है, जिससे बिजली बिल में राहत मिल सकती है।
विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की होगी अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस संकल्प को पूरा करने में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है, जब प्रदेश का हर जिला, गांव और परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने विकास कार्यों की सौगात के लिए जिलेवासियों को बधाई दी। वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मुंगेली जिले में सड़क, पुल-पुलिया और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, पुन्नूलाल मोहले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि और सामग्री भी वितरित की।