

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major success for security forces in Bijapur: 3 Maoist dumps unearthed; 136 BGL shells and 1,400 feet of Cordex wire seized.
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए तीन डंप बरामद किए हैं। इन डंप से कुल 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है। खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने अलग-अलग इलाकों में यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, थाना पामेड़ क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में खुफिया सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में जिला रिजर्व गार्ड (DRG), डॉग स्क्वाड (K-9) और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी। सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों ने संदिग्ध स्थानों की पहचान की। इसके बाद डॉग स्क्वाड की मदद से माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप को बरामद किया गया। यहां से 103 नग बीजीएल सेल सहित अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।

इसी तरह थाना गंगालूर क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और डॉग स्क्वाड (K-9) वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल रही। सर्चिंग के दौरान जवानों ने माओवादियों के दो अलग-अलग डंप बरामद किए। इनसे 33 नग बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।
सुरक्षा बलों ने खुफिया आसूचना के आधार पर दोनों क्षेत्रों में संयुक्त अभियान संचालित किया था। कार्रवाई के दौरान बरामद विस्फोटक सामग्री और अन्य माओवादी सामान को जब्त कर लिया गया है। मामले में थाना पामेड़ और थाना गंगालूर में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।