

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Indefinite strike by drivers in Chhattisgarh cripples transport system; mineral transportation comes to a halt; warning issued for a 'chakka jam' (road blockade) today.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से ठीक दो दिन पहले ड्राइवर महासंगठन ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। 12 नवंबर से जारी इस आंदोलन का असर प्रदेश के कई जिलों में दिखाई देने लगा है। खनिज परिवहन बाधित होने के साथ यात्री बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को रोककर चालकों से हड़ताल में शामिल होने की अपील की। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर 13 नवंबर को रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने का अल्टीमेटम दिया है।ड्राइवर संगठन की प्रमुख मांगों में ड्राइवर आयोग का गठन, वेलफेयर बोर्ड की स्थापना और चालकों के लिए सुरक्षा कानून बनाना शामिल है।
धमतरी जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर धमतरी-बालोद सीमा के चिटौद में आंदोलन के पहले दिन तनाव की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने सड़क से गुजरने वाली यात्री बसों और मालवाहक वाहनों को रोककर चालकों को हड़ताल की जानकारी दी। उन्होंने वाहन चालकों से समर्थन देने और स्टीयरिंग छोड़ने की अपील की।स्थिति संभालने पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने और सड़क पर यातायात बाधित नहीं करने की समझाइश दी। इसी दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। पुलिस ने भीड़ को सड़क से हटाने की कोशिश की तो माहौल और तनावपूर्ण हो गया। बाद में समझाइश के बाद वाहनों की आवाजाही फिर शुरू कराई गई।
हड़ताल का सबसे बड़ा असर खनिज परिवहन पर पड़ा है। दंतेवाड़ा जिले से प्रतिदिन करीब 400 ट्रकों के जरिए लौह अयस्क अलग-अलग शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों तक भेजा जाता है। चालकों के आंदोलन में शामिल होने से इन ट्रकों का संचालन रुक गया है। इससे खनिज ढुलाई से जुड़े कारोबार पर असर पड़ने लगा है।हड़ताल में शामिल नहीं होने वाले चालकों को भी कुछ स्थानों पर विरोध का सामना करना पड़ा। ऐसे मामलों में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की खबरें भी सामने आई हैं।
महासमुंद जिले में भी बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। जिला मुख्यालय से रोजाना अलग-अलग मार्गों पर 100 से अधिक बसों का संचालन होता है। इनके माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के करीब पांच हजार यात्री सफर करते हैं।गुरुवार को बसों के पहिए थमे रहने से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और गांवों से जिला मुख्यालय आने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों और दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ा। छोटे कस्बों और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई।
बस्तर संभाग में भी ड्राइवरों ने कई जगह प्रदर्शन किया। जगदलपुर से रायपुर, सुकमा, बीजापुर और ओडिशा की ओर जाने वाले रास्तों पर यात्री बसों और मालवाहक ट्रकों को रोका गया। राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की कतारें लग गईं। इससे यात्रियों के साथ माल परिवहन करने वाले कारोबारियों को भी परेशानी हुई।बस्तर के प्रमुख ट्रांसपोर्ट संगठन बस्तर परिवहन संघ ने आंदोलन को एक दिन का नैतिक और व्यावहारिक समर्थन दिया। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को रास्ता दिया गया।
हड़ताल का असर औद्योगिक गतिविधियों और शैक्षणिक संस्थानों पर भी दिखने लगा है। दीपावली की छुट्टियों के बाद गुरुवार को खुलने वाले कई निजी स्कूलों को परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने के कारण छुट्टी घोषित करनी पड़ी।स्थिति को देखते हुए भिलाई के पुलिस कंट्रोल रूम में ड्राइवर संगठन के पदाधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। अधिकारियों ने संगठन की मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान कानून व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि धरना और अन्य कार्यक्रम केवल सक्षम प्राधिकारी से अनुमति प्राप्त स्थानों पर ही आयोजित किए जाएं। बिना अनुमति सड़क पर प्रदर्शन या यातायात बाधित करने से बचने की हिदायत भी दी गई।
ड्राइवर महासंगठन ने 13 नवंबर को चिटौद के पास रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है। ऐसे में आंदोलन का असर यात्री परिवहन और माल ढुलाई पर और बढ़ने की आशंका है। धान खरीदी से ठीक पहले शुरू हुई इस हड़ताल ने प्रशासन के सामने भी चुनौती खड़ी कर दी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि सरकार और संगठन के बीच बातचीत से कोई रास्ता निकलता है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।