

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2007 के CRPF कैंप आतंकी हमले के मामले में हाई कोर्ट से बरी हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार देर शाम बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पनवड़िया गांव के पास वारदात को अंजाम दिया। घटना के वक्त शरीफ अपने बेटे के साथ जा रहे थे। पुलिस हत्या के पीछे की वजह तलाश रही है।
उत्तर प्रदेश के रामपुर में मंगलवार देर शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। साल 2007 में हुए CRPF ग्रुप सेंटर पर आतंकी हमले के मामले में दोषी ठहराए गए और बाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट से बरी हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पनवड़िया गांव के पास उन्हें निशाना बनाया और वारदात के बाद फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद शरीफ खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव के रहने वाले थे। मंगलवार देर शाम वह अपने बेटे के साथ कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पनवड़िया गांव के पास बाइक सवार दो लोग पहुंचे और उन पर गोली चला दी। गोली लगने से शरीफ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। रामपुर के ASP अनुराग सिंह ने घटना की पुष्टि की है।
2007 के CRPF कैंप हमले में आया था नाम
मोहम्मद शरीफ का नाम 31 दिसंबर 2007 की रात रामपुर स्थित CRPF ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में सामने आया था। नए साल से ठीक पहले आतंकियों ने कैंप पर हमला किया था। हमलावरों ने AK-47 जैसे हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग की थी और हैंड ग्रेनेड भी फेंके थे।
इस हमले में CRPF के सात जवानों की मौत हुई थी। वहीं, कैंप की दीवार के पास रिक्शे पर सो रहे एक रिक्शा चालक की भी गोली लगने से जान चली गई थी। इस तरह हमले में कुल आठ लोगों की मौत हुई थी।
2019 में सुनाई गई थी फांसी की सजा
इस मामले में लंबी सुनवाई के बाद साल 2019 में रामपुर की सत्र अदालत ने मोहम्मद शरीफ समेत चार आरोपियों को दोषी ठहराते हुए फांसी की सजा सुनाई थी। इनमें सबाउद्दीन, इमरान शहजाद और मोहम्मद फारूक भी शामिल थे। वहीं, जंग बहादुर खान उर्फ बाबा को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। दो अन्य आरोपियों मोहम्मद कौसर और गुलाब खान को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया गया था।
हाई कोर्ट ने रद्द कर दी थी सजा
सत्र अदालत के फैसले के खिलाफ आरोपियों ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में अपील की थी। सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने जांच और अभियोजन पक्ष की ओर से पेश किए गए साक्ष्यों में खामियां पाईं। इसके बाद अदालत ने दोषसिद्धि और सजा को रद्द कर दिया था। इस फैसले के बाद मोहम्मद शरीफ को भी राहत मिल गई थी।
बताया जा रहा है कि हाई कोर्ट से बरी होने के बाद शरीफ अपने गांव बदनपुरी में परिवार के साथ रह रहे थे। वह रोजाना खजुरिया थाने में हाजिरी लगाने जाते थे। अब उनकी हत्या के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या यह पुरानी रंजिश का मामला है या हत्या के पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और बाइक सवार हमलावरों की तलाश में जुटी है।