

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

deepak tandon extortion case coal mine fraud chhattisgarh
छत्तीसगढ़ में कथित पत्रकार दीपक टंडन से जुड़े वसूली और ब्लैकमेलिंग के मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब दो कारोबारियों ने लिखित शिकायत देकर दीपक टंडन पर कोल माइंस में काम दिलाने के नाम पर कुल 56 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में सीएम हाउस के अधिकारियों से अपनी नजदीकी और राजनीतिक रसूख का दावा करता था। इसी प्रभाव का हवाला देकर वह कारोबारियों से लाखों रुपये ऐंठता था। फिलहाल दीपक टंडन पांच दिन की पुलिस रिमांड पर है और बिलासपुर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
दो कारोबारियों से 56 लाख रुपये लेने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, कारोबारी श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपये और विकास कुमार नागले से 25 लाख रुपये लेने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दीपक टंडन कारोबारियों को कोल माइंस में काम दिलाने का भरोसा देता था और उनसे कहता था कि यह रकम सीएम हाउस के अधिकारियों तक पहुंचाई जानी है।
फर्जी IAS और कोल माइंस MD से मुलाकात कराने का दावा
इस मामले में एक और चौंकाने वाला आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, दीपक टंडन कारोबारियों की मुलाकात फर्जी IAS अधिकारी और कोल माइंस का MD बनकर लोगों से करवाता था। बताया जा रहा है कि रायपुर के वेलकम श्री होटल से कथित तौर पर पूरा सिंडिकेट संचालित किया जाता था। इस नेटवर्क में कुछ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कथित पत्रकारों की भूमिका होने की भी चर्चा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पैसे मांगने पर मारपीट और झूठे केस में फंसाने की धमकी
शिकायतों में दीपक टंडन पर रकम वापस मांगने वाले कारोबारियों को धमकाने का भी आरोप लगाया गया है। आरोप है कि ऐसे कारोबारियों को होटल बुलाकर अपने साथियों से मारपीट करवाई जाती थी और पूरी घटना का वीडियो भी बनाया जाता था। इतना ही नहीं, पत्नी को सामने रखकर कारोबारियों को एट्रोसिटी एक्ट के मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। बताया जाता है कि आरोपी बड़े नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर राजनीतिक और प्रशासनिक पहुंच का प्रभाव जमाता था।
मोबाइल से मिले चैट और तस्वीरों की चर्चा, साले की तलाश जारी
जांच के दौरान दीपक टंडन के मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक तस्वीरें और चैट मिलने की चर्चा है। इनमें कुछ पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों से जुड़ी सामग्री होने के दावे किए जा रहे हैं। कुछ पुलिस अधिकारियों को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और एक अन्य सीडी कांड की तैयारी से जुड़े सबूत मिलने की बात भी सामने आई है। हालांकि, डिजिटल सामग्री की वास्तविकता और इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इधर, बिलासपुर पुलिस आरोपी के साले कोमल कुमार चौबे की तलाश में जुटी है। पुलिस की टीमें रायपुर समेत कई ठिकानों पर दबिश दे चुकी हैं।
फिलहाल पुलिस की पूछताछ और जांच के बाद ही इस कथित वसूली नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी। सवाल यह भी है कि क्या इस मामले की जांच सिर्फ दीपक टंडन तक सीमित रहेगी या कथित सिंडिकेट से जुड़े अन्य चेहरे भी बेनकाब होंगे?