

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: President Droupadi Murmu to honor Raipur, Bilaspur, and Bilha; will present cleanliness awards tomorrow.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति इन शहरों को स्वच्छता पुरस्कार प्रदान करेंगी।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव शामिल होंगे। उनके साथ विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल और चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा स्वच्छता कर्मी भी मौजूद रहेंगे।
गौरतलब है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के इन तीन शहरों ने राष्ट्रीय पुरस्कारों की सूची में जगह बनाई है। पिछले साल भी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार मिला था।
इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण की थीम 'स्वच्छता की नई पहल बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई है। इसके माध्यम से स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
चयनित शहरों में स्वच्छता गतिविधियों को सफल बनाने में नगरीय निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों तथा आम नागरिकों की अहम भूमिका रही है। सफाई मित्रों की मेहनत और लोगों के सहयोग से इन शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।