

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather: Cold intensifies in Chhattisgarh; mercury drops by up to 1 degree in several cities; here’s what the weather will be like over the next 5 days.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के पहले पखवाड़े के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पोस्ट मानसून गतिविधियां थमने के बाद प्रदेश के कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ रहा है। रायपुर, अंबिकापुर, राजनांदगांव और दुर्ग समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव के आसार नहीं हैं।
राजधानी रायपुर में सुबह धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाएं चल रही हैं। वहीं, रात के समय ठिठुरन महसूस होने लगी है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट के चलते ठंड का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक रात के तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।
मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 नवंबर को राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटे के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले यहां न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस था।
मौसम विभाग के मुताबिक, वर्तमान में दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है। यह समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
फिलहाल प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम शुष्क रहने और रात के तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं होने से आने वाले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है।