

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

rcb-ipl-2026-home-matches-raipur
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर क्रिकेट के बड़े मंच पर लौटने की तैयारी में है। आईपीएल 2026 में राजधानी रायपुर को पांच मुकाबलों की मेजबानी मिल सकती है। खास बात यह है कि ये मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू (आरसीबी) के घरेलू मैच हो सकते हैं। यदि यह प्रस्ताव अंतिम रूप लेता है, तो रायपुर में पहली बार आरसीबी अपने होम ग्राउंड के रूप में खेलेगी और क्रिकेट प्रेमियों को विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ी को लाइव देखने का सुनहरा मौका मिलेगा।
दरअसल, आईपीएल 2025 का फाइनल जीतने के बाद बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित ट्रॉफी सेलिब्रेशन के दौरान भगदड़ की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद आरसीबी प्रबंधन और टीम मैनेजमेंट सुरक्षा को लेकर अधिक सतर्क हो गया है। इसी वजह से फ्रेंचाइज़ी ने आईपीएल 2026 के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम को होम ग्राउंड न बनाने का मन बनाया है और नए, अधिक सुरक्षित विकल्पों की तलाश शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, आरसीबी ने अभी तक कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) से इस विषय में कोई औपचारिक बातचीत नहीं की है, जबकि छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीसीए) के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है।
आरसीबी का टीम मैनेजमेंट रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण कर चुका है। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम की पिच की गुणवत्ता, दर्शक क्षमता, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर टीम प्रबंधन काफी संतुष्ट नजर आया। बताया जा रहा है कि आरसीबी को यहां की आधुनिक सुविधाएं और सुव्यवस्थित इंफ्रास्ट्रक्चर खासा पसंद आया है।
संभावना जताई जा रही है कि आईपीएल 2026 में आरसीबी के सात घरेलू मैचों में से पांच मुकाबले रायपुर को मिल सकते हैं। इससे न केवल शहर की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बड़ा फायदा मिलेगा।
आरसीबी के नए होम ग्राउंड की रेस में मध्यप्रदेश का इंदौर भी शामिल है, लेकिन दर्शक क्षमता के मामले में रायपुर का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 60 हजार से अधिक दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है, जो इसे बड़े मुकाबलों के लिए आदर्श बनाती है।
रायपुर में 13 साल बाद आईपीएल का रोमांच लौट सकता है। इससे पहले वर्ष 2013 में यहां आईपीएल का मुकाबला खेला गया था। लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर आईपीएल जैसे बड़े आयोजन की संभावनाओं ने शहर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह भर दिया है।
इसी बीच रायपुर में 23 जनवरी को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने इस मैच को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि रायपुर बड़े और सुरक्षित क्रिकेट आयोजनों के लिए पूरी तरह तैयार है।