

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

rcb vs pbks 2026 match report bengaluru first team to qualify for ipl playoffs
धर्मशाला। वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली के शानदार अर्धशतकों और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने रविवार को यहां पंजाब किंग्स को 23 रनों से हरा दिया। इस धमाकेदार जीत के साथ ही बेंगलुरु की टीम आईपीएल के इस सीजन में प्ले-ऑफ में अपनी जगह पक्की करने वाली पहली टीम बन गई है।
लगातार तीसरी जीत के साथ बेंगलुरु की टीम के अब 13 मैचों में 18 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष (Top) पर बरकरार है। दूसरी ओर, लगातार छठी हार का सामना करने वाली पंजाब किंग्स की टीम 13 मैचों में 13 अंकों के साथ चौथे पायदान पर खिसक गई है।
इससे पहले, पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बेंगलुरु ने पावरप्ले में सतर्क शुरुआत करते हुए 1 विकेट पर 61 रन बनाए। टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में लगा जब हरप्रीत बरार ने बेथेल (11) को बोल्ड किया।
इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने आते ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने हरप्रीत पर छक्का जड़ा, जबकि विराट कोहली ने भी अजमतुल्लाह उमरजई और लॉकी फर्ग्यूसन की गेंदों को दर्शकों के बीच भेजा। पडिक्कल ने युजवेंद्र चहल का स्वागत भी दो छक्कों के साथ किया। हालांकि, जब वह अच्छी लय में दिख रहे थे, तब 25 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 45 रन बनाकर हरप्रीत की गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर को कैच दे बैठे। कोहली और पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 76 रनों की ठोस साझेदारी की।
इसके बाद विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने मोर्चा संभाला। कोहली ने शशांक सिंह की गेंद पर छक्का जड़कर 31 गेंदों में इस सीजन का अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया। वह 37 गेंदों में 58 रन (4 चौके, 3 छक्के) बनाकर आउट हुए। वेंकटेश अय्यर ने भी तूफानी बल्लेबाजी करते हुए फर्ग्यूसन पर दो छक्के और एक चौका मारकर महज 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वेंकटेश ने 40 गेंदों में 8 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 73 रनों की पारी खेली। टिम डेविड ने भी 12 गेंदों में 28 रनों का उपयोगी योगदान दिया। बेंगलुरु ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 222 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया।
हरप्रीत बरार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 35 रन देकर 2 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल को 1-1 विकेट मिला।
223 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने तीसरे ओवर में महज 19 रन तक ही अपने तीन प्रमुख बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। भुवनेश्वर कुमार ने मैच की तीसरी ही गेंद पर प्रियांश आर्या (00) को रोमारियो शेफर्ड के हाथों कैच कराया। अगले ओवर में प्रभसिमरन सिंह (02) भी भुवनेश्वर की गेंद पर स्लिप में पडिक्कल को कैच दे बैठे। रसिक सलाम ने अपने कोटे की दूसरी ही गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर (01) को विकेटकीपर जितेश शर्मा के हाथों कैच कराकर पंजाब को तीसरा झटका दिया।
इसके बाद कूपर कोनोली (37 रन, 22 गेंद, 3 छक्के, 3 चौके) और सूर्यांश शेडगे (35 रन, 22 गेंद, 2 छक्के, 2 चौके) ने पावरप्ले में टीम का स्कोर 3 विकेट पर 49 रन तक पहुंचाया। दोनों ने कुछ आकर्षक शॉट्स खेले, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल सके। कोनोली को शेफर्ड ने और शेडगे को सुयश शर्मा ने आउट किया।
पंजाब को अंतिम 5 ओवरों में जीत के लिए 77 रनों की दरकार थी। शशांक सिंह ने भुवनेश्वर पर छक्का और मार्कस स्टोइनिस ने चौका मारकर रन गति बढ़ाने का प्रयास किया। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई। हेजलवुड ने स्टोइनिस (37 रन, 25 गेंद, 5 चौके) को पगबाधा (LBW) कर इस साझेदारी को तोड़ा।
शशांक सिंह ने एक छोर संभाले रखा और भुवनेश्वर पर दो चौके जड़कर महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पंजाब को अंतिम 2 ओवरों में 40 रनों की जरूरत थी, लेकिन 19वें ओवर में हेजलवुड ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 7 रन दिए। आखिरी ओवर में रसिक सलाम ने खतरनाक दिख रहे शशांक सिंह को लॉन्ग ऑफ पर विराट कोहली के हाथों कैच कराकर बेंगलुरु की जीत पर मुहर लगा दी। शशांक ने 27 गेंदों में 4 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 56 रनों की शानदार पारी खेली। पंजाब की टीम 8 विकेट पर 199 रन ही बना सकी।
रसिक सलाम ने 36 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने 38 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट लिए। जोश हेजलवुड, रोमारियो शेफर्ड और सुयश शर्मा को 1-1 विकेट मिला।